Home Urja Madhya Pradesh Hub Of Green Energy Famous Multinational Companies Have Liked Mp Cm Mohan Yadav

मध्य प्रदेश बनेगा हरित ऊर्जा का हब : हरित ऊर्जा की प्रसिद्ध बहुराष्ट्रीय कम्पनियों ने एमपी को किया पसंद- CM

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Mohammad Aamil Updated Fri, 22 Aug 2025 10:29 AM IST
सार

यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले के सहयोग से नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग और मैनिट, भोपाल के बीच एमओयू हुआ है। इसके अंतर्गत मैनिट में सेंटर फॉर मिशन ऑन एनर्जी ट्रांजिशन (CMET) की स्थापना की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

मध्य प्रदेश अब हरित ऊर्जा निवेश और शोध का नया गढ़ बनने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश तेजी से नवकरणीय ऊर्जा के प्रमुख केन्द्र के रूप में उभर रहा है। हरित ऊर्जा के लिए प्रतिबद्ध बहुराष्ट्रीय कंपनियां राज्य में निवेश करने के इच्छुक हैं और यहां निर्माण इकाइयां स्थापित करने की संभावनाएं तलाश रही हैं।

मुख्यमंत्री ने मंत्रालय में सेक्को क्लाइमेट फाउंडेशन के वाइस प्रेसिडेंट क्ले स्ट्रेंजर और सीमा पॉल तथा यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले के इंडिया एनर्जी एंड क्लाइमेट सेंटर (IECC) के सीनियर एडवाइजर मोहित भार्गव से चर्चा के दौरान कहा कि सरकार उद्योगों, किसानों और आम नागरिकों को सौर ऊर्जा व वैकल्पिक स्त्रोतों से किफायती दर पर बिजली उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।

सेंटर फॉर मिशन ऑन एनर्जी ट्रांजिशन का शुभारंभ
अपर मुख्य सचिव मनु श्रीवास्तव ने बताया कि यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया बर्कले के सहयोग से नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग और मैनिट, भोपाल के बीच एमओयू हुआ है। इसके अंतर्गत मैनिट में सेंटर फॉर मिशन ऑन एनर्जी ट्रांजिशन (CMET) की स्थापना की गई है।

यह केंद्र भारत की भविष्य की ऊर्जा जरूरतों पर काम करेगा और अकादमिक, नीतिगत व औद्योगिक स्तर पर आवश्यक रणनीतियां तैयार करेगा। मैनिट के निदेशक के.के. शुक्ला ने कहा कि यह पहल भारत में ऊर्जा परिवर्तन को गति देगी और नीति निर्माण व उद्योगों के बीच सहयोग को मजबूती देगी।

ऊर्जा प्रणालियों पर शोध व नवाचार
कार्यक्रम में जीआईज़ेड, सीईईडब्ल्यू, डब्ल्यूआरआई, सीएसआईएस और शक्ति सस्टेनेबल एनर्जी फाउंडेशन जैसी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इस केंद्र के माध्यम से ग्रिड स्थिरता, ऊर्जा भंडारण, डिमांड साइड प्रबंधन और स्वच्छ ऊर्जा प्रणालियों पर उन्नत शोध संभव होगा।

प्रबंध निदेशक मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम अमन बीर सिंह बैंस ने कहा कि इस एमओयू से राज्य में नवकरणीय ऊर्जा को चरणबद्ध तरीके से बढ़ावा दिया जाएगा।