Home Khabar Junction Fake Groundnut Seed Racket Busted In Rajasthan Massive Seizure In Jaipur Raid

राजस्थान : कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा का बड़ा एक्शन, नकली मूंगफली बीज फैक्ट्री पर कृषि विभाग का छापा

गांव जंक्शन डेस्क, जयपुर Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 26 May 2026 08:33 PM IST
सार

राजस्थान में कृषि विभाग ने जयपुर सहित कई जिलों में नकली मूंगफली बीज फैक्ट्रियों पर छापा मारकर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया। लाखों बैग और भारी मात्रा में नकली बीज बरामद हुए हैं, जिनमें अफ्लाटॉक्सिन संक्रमण की आशंका जताई गई है।

राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा।
राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ीलाल मीणा। - फोटो : एजेंसी

विस्तार

राजस्थान में नकली बीज माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग ने राजधानी जयपुर के गोविंदगढ़ और चौमूं क्षेत्र में संचालित अवैध मूंगफली बीज फैक्ट्रियों पर छापेमारी की। इस दौरान बड़े पैमाने पर नकली बीज, पैकेजिंग सामग्री और हाईटेक मशीनें बरामद की गईं।

यह कार्रवाई राज्य के कृषि मंत्री Kirodi Lal Meena के निर्देश पर की गई, जिन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। दोपहर करीब 12 बजे अचानक पहुंचे मंत्री के दौरे से फैक्ट्री में हड़कंप मच गया।

जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में बाजार से सस्ती मूंगफली खरीदकर उसे नामचीन ‘RG-510’ किस्म के बीज के रूप में पैक कर महंगे दामों पर बेचने की तैयारी की जा रही थी। मौके से लाखों खाली बैग, हजारों पैक बीज, करीब 60 लाख खाली बोरियां, दो लाख के आसपास मूंगफली की बोरियां और कई पैकेजिंग मशीनें जब्त की गईं।

प्रारंभिक जांच में बीजों में गंभीर गड़बड़ियां पाई गईं और उनमें खतरनाक ‘अफ्लाटॉक्सिन’ संक्रमण की आशंका भी जताई गई है, जो फसलों और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए हानिकारक हो सकता है। कृषि विभाग ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह अवैध प्लांट सीकर की एक फर्म द्वारा बिना लाइसेंस संचालित किया जा रहा था। छापेमारी की भनक लगते ही फैक्ट्री के संचालक और मैनेजर मौके से फरार हो गए। विभाग ने प्लांट को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

कृषि विभाग ने जयपुर के अलावा जोधपुर, बीकानेर, सीकर और चूरू समेत कई जिलों में एक साथ अभियान चलाया, जिसमें कई अवैध इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई। कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने कहा कि किसानों के साथ धोखा करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को सख्त कार्रवाई और विस्तृत जांच रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

खरीफ बुवाई सीजन से पहले इस तरह के नकली बीज बाजार में सक्रिय होना किसानों के लिए चिंता का विषय है। विशेषज्ञों ने किसानों को केवल प्रमाणित विक्रेताओं से ही बीज खरीदने की सलाह दी है।