Home Start Up Technique Ai Technology Will Solve The Problems Of Farmers Every Question Will Get Answered Instantly

एप लॉन्च : एआई तकनीक से होगा किसानों की समस्या का समाधान, बोलते ही झट से मिलेगा हर सवाल का जवाब

शैलेश अरोड़ा, लखनऊ Published by: Shailesh Arora Updated Sat, 23 Dec 2023 04:22 PM IST
सार

किस फसल में, किस खाद का इस्तेमाल करें? फसल के लिए कौन सा कीटनाशक इस्तेमाल करें? पॉलीहाउस के लिए सरकार कितना अनुदान देती है? इन सबके जवाब अब किसानों को सवाल पूछते ही झट से मिल जाएंगे। राष्ट्रीय किसान दिवस के अवसर पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने किसान मित्र एआई एप लॉन्च किया।

सीएम योगी ने लॉन्च किया किसान मित्र एआई एप
सीएम योगी ने लॉन्च किया किसान मित्र एआई एप - फोटो : गांव जंक्शन

विस्तार

पहले चरण में यह एआई चैटबॉट यूपी के सभी कृषि तकनीकी सहायकों के लिए उपलब्ध कराया गया है। इस पर कृषि संबंधी सभी सवालों के उत्तर पा सकते हैं। इससे फसल के लिए उचित बीज की तरह, खाद, कीटनाशक के चुनाव और भिन्न योजनाओं की आवेदन प्रक्रिया पर सलाह ले सकते हैं।

ऑडियो और टेक्स्ट दोनों तरह सवाल-जवाब का विकल्प
खास बात यह कि इसमें ऑडियो और टेक्स्ट दोनों तरह से सवाल-जवाब का विकल्प है। जैसे आपने बोलकर सवाल किया कि जीवामृत कैसे बना सकते हैं। तो दूसरी तरफ ऑडियो में ही इस सवाल का जवाब सुन सकते हैं। इसी तरह सवाल को लिखकर भी पूछा जा सकता है।
फसल के बीज, खाद, कीटनाशक से लेकर सरकारी योजनाओं तक की मिलेगी जानकारी
फसल के बीज, खाद, कीटनाशक से लेकर सरकारी योजनाओं तक की मिलेगी जानकारी - फोटो : गांव जंक्शन

ऐसे करें एप का इस्तेमाल
सबसे पहले फोन में ब्राउजर पर kisanmitraup.ai टाइप करें। पेज खुलने के बाद स्क्रीन पर बने बॉक्स में अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें। जो मोबाइल नंबर टाइप करेंगे उस पर चार अंक का एक ओटीपी मिलेगा। इस ओटीपी को टाइप करते ही लॉगइन हो जाएगा। इसके बाद स्क्रीन पर सवाल पूछने के दो तरीके दिखेंगे। पहला, माइक बटन पर एक बार टैप करके अपना सवाल हिंदी या इंग्लिश में पूछ सकते हैं।

दूसरा, अपना सवाल उसी तरह टाइप करके पूछ सकते हैं, जैसे किसी से चैटिंग करते हैं। सवाल पूछने के बाद चैटबॉट उसका जवाब या सलाह टेक्स्ट फॉर्मेट में देगा जिसे अपने मोबाइल की स्क्रीन पर पढ़ सकते हैं। अगर इसी जवाब या सलाह को सुनना चाहते हैं तो टेक्स्ट के नीचे ऑडियो सुनने का भी विकल्प मिलेगा। इस जवाब को डाउनलोड करने के साथ ही दूसरे किसानों के साथ शेयर भी किया जा सकता है।

तीन महीने बाद सभी किसानों के लिए होगा उपलब्ध
अगले तीन महीने तक कृषि तकनीकी सहायक इसका इस्तेमाल करके अपना फीडबैक देंगे। जैसे इसमें क्या सुधार किया जा सकता है, क्या चीजें और जोड़ी जा सकती हैं, किस तरह से यह उपयोग में और सरल बनाया जा सकता है, इत्यादि। इसके आधार पर जो भी आवश्यक सुझाव होंगे उनको लागू करने के बाद यूपी के सभी किसानों के लिए इसे उपलब्ध करा दिया जाएगा।

इसे गोष्ठियों, किसान सम्मेलनों, पंचायत बैठकों, नई फसलों के प्रदर्शन और अन्य कार्यक्रम के दौरान इस्तेमाल करने का सुझाव दिया गया है। अपर मुख्य सचिव कृषि देवेश चतुर्वेदी कहते हैं, यह चैटबॉट कृषि प्रसार में महत्वपूर्ण कदम होगा।