Home Start Up Cift Incubates Launch New Age Functional And Ready To Eat Food Products

Food Startups: CIFT इनक्यूबेट्स ने लॉन्च किए इनोवेटिव फंक्शनल और रेडी-टू-ईट फूड प्रोडक्ट्स, खास बातें

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Tue, 06 Jan 2026 03:25 PM IST
सार

मछली और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में नवाचार को बढ़ावा देते हुए ICAR–सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ फिशरीज टेक्नोलॉजी (CIFT) के इनक्यूबेट स्टार्टअप्स ने बाजार के लिए कई नए और हेल्थ-फोकस्ड फूड प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं। इन उत्पादों का उद्देश्य न केवल पोषण और स्वास्थ्य जरूरतों को पूरा करना है, बल्कि सुरक्षित, टिकाऊ और वैल्यू-एडेड फूड सॉल्यूशंस के जरिए उद्यमिता को भी मजबूत करना है।

फूड स्टार्टअप
फूड स्टार्टअप - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री राम नाथ ठाकुर ने ICAR–सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ फिशरीज टेक्नोलॉजी (ICAR-CIFT) के इनक्यूबेट स्टार्टअप्स द्वारा विकसित इनोवेटिव फूड प्रोडक्ट्स की एक नई श्रृंखला का औपचारिक शुभारंभ किया। ये उत्पाद CIFT के तकनीकी सहयोग और इनक्यूबेशन सपोर्ट से तैयार किए गए हैं।

इस अवसर पर मंत्री ने एक विशेष फंक्शनल फूड प्रोडक्ट कोलेजन हनी पीनट बटर लॉन्च किया, जिसे परायिल बायोफार्म प्राइवेट लिमिटेड ने विकसित किया है। यह प्रोडक्ट प्रीमियम मूंगफली और उच्च गुणवत्ता वाले कोलेजन का संयोजन है, जो इसे प्रोटीन से भरपूर बनाता है।

कंपनी के अनुसार, यह फंक्शनल फूड जोड़ों की सेहत, आंतों के स्वास्थ्य (गट हेल्थ) और मसल रिकवरी में सहायक है। खास बात यह है कि इस पीनट बटर में न तो अतिरिक्त चीनी मिलाई गई है और न ही किसी तरह के प्रिज़र्वेटिव या आर्टिफिशियल एडिटिव्स का इस्तेमाल किया गया है। इसे खास तौर पर फिटनेस और हेल्थ-कॉन्शस उपभोक्ताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

इसके अलावा मंत्री ने CIFT के एक अन्य इनक्यूबेट स्टार्टअप फडसी फूड्स (Fudcy Foods) द्वारा विकसित रेडी-टू-ईट फूड प्रोडक्ट्स की श्रृंखला भी लॉन्च की। यह कंपनी CIFT के तकनीकी सहयोग से एडवांस्ड रिटॉर्ट प्रोसेसिंग टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर रही है।

रिटॉर्ट टेक्नोलॉजी के जरिए तैयार ये उत्पाद कमरे के तापमान पर लंबे समय तक सुरक्षित रहते हैं और इनमें किसी तरह के प्रिज़र्वेटिव की जरूरत नहीं होती। कंपनी का दावा है कि इस तकनीक से पोषण मूल्य, फूड सेफ्टी और पारंपरिक स्वाद को बनाए रखा जाता है।

CIFT की ओर से जारी बयान में कहा गया कि इन नए उत्पादों का लॉन्च संस्थान की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत वह उद्यमिता को बढ़ावा देने और बाजार में उच्च गुणवत्ता वाले, सुरक्षित और इनोवेटिव फूड प्रोडक्ट्स उपलब्ध कराने पर काम कर रहा है।

CIFT अपने जोनल टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट एंड एग्री-बिजनेस इनक्यूबेशन (ZTM-ABI) सेंटर के माध्यम से स्टार्टअप्स और उद्यमियों को तकनीकी मार्गदर्शन, इनक्यूबेशन सपोर्ट और बिजनेस डेवलपमेंट में मदद करता है। इसका उद्देश्य फिशरीज और फूड टेक्नोलॉजी से जुड़े इनोवेटिव आइडियाज को बाजार के लिए तैयार उत्पादों में बदलना और टिकाऊ उद्यम खड़े करना है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के फंक्शनल और रेडी-टू-ईट फूड प्रोडक्ट्स की मांग आने वाले समय में तेजी से बढ़ेगी, जिससे स्टार्टअप्स के साथ-साथ किसानों और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर को भी लाभ मिलेगा।