Home›Paryavaran›
Weather Alert Severe Cold From Hills To Plains Sub Zero Temperatures In Kashmir And Himachal Dense Fog Grips North India
Weather: पहाड़ों से मैदान तक कड़ाके की ठंड, यूपी में आज भी बंद रहेंगे स्कूल, जानें मौसम का पूरा हाल
गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा
Published by: Himanshu Mishra
Updated Mon, 05 Jan 2026 08:32 AM IST
सार
पंजाब में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार को दिन के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे चला गया।
बर्फबारी
- फोटो : सोशल मीडिया
Link Copied
विस्तार
उत्तर भारत में सर्दी ने अब अपना सबसे कठोर रूप दिखाना शुरू कर दिया है। पश्चिमी हिमालय में हो रही बर्फबारी के बाद पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने मैदानी राज्यों में गलन और ठिठुरन बढ़ा दी है। कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में तापमान शून्य से नीचे पहुंच चुका है, जबकि उत्तर प्रदेश, राजस्थान, पंजाब और बिहार समेत कई राज्यों में घना कोहरा और शीतलहर आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। रेल, सड़क और हवाई यातायात पर असर पड़ा है और अगले चार से पांच दिनों तक मौसम की यही स्थिति बने रहने की चेतावनी दी गई है।
उत्तराखंड: ऊंचाई वाले इलाकों में जम गई नदियां-नाले
उत्तराखंड के ऊंचाई वाले पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड और पाले का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है। गंगोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ और पिथौरागढ़ जैसे इलाकों में तापमान शून्य से 11 से 12 डिग्री सेल्सियस नीचे तक चला गया है। कई स्थानों पर नदियां, नाले और झरने पूरी तरह जम गए हैं। केदारनाथ की चोटियां बर्फ की मोटी चादर से ढकी हुई हैं। भागीरथी नदी में पानी का बहाव बेहद कम हो गया है, जबकि केदार गंगा, ऋषिकुर नाला, पागल नाला और चीड़बासा नाला पूरी तरह जमे हुए हैं। गंगोत्री में पीने के पानी की आपूर्ति पाले को आग से पिघलाकर की जा रही है।
कश्मीर: गुलमर्ग सबसे ठंडा, पारा माइनस 6.5 डिग्री
कश्मीर घाटी में ठंड ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रात का तापमान लगातार जमाव बिंदु से नीचे जा रहा है। रविवार को गुलमर्ग घाटी का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री और अधिकतम 9.6 डिग्री रहा। दिन में धूप निकलने के बावजूद ठंडी हवाओं के कारण इसका कोई असर नहीं दिखा। शोपियां जिले में तापमान गिरने से जलस्रोत जम गए हैं, जिससे लोगों को पीने के पानी की गंभीर समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह तापमान में तीन डिग्री तक और गिरावट आ सकती है।
हिमाचल प्रदेश: नाको झील जमी, बर्फबारी का अलर्ट
हिमाचल प्रदेश में भीषण ठंड का असर साफ दिखाई दे रहा है। किन्नौर जिले की प्रसिद्ध नाको झील पूरी तरह जम चुकी है और पर्यटक झील की सतह पर स्केटिंग करते नजर आए। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान माइनस 6.3 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि शिमला में यह 3.6 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार को कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी घाटी में भारी हिमपात हुआ है, जिससे पूरी घाटी बर्फ की सफेद चादर से ढक गई है।
उत्तर प्रदेश और राजस्थान: शीतलहर और घना कोहरा
उत्तर प्रदेश के कई हिस्से शीतलहर की चपेट में हैं। प्रयागराज, अयोध्या और लखनऊ में रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है। वाराणसी में शीतलहर से जनजीवन प्रभावित है। आगरा और कानपुर में दृश्यता शून्य मीटर तक पहुंच गई। फतेहगढ़ में 20 मीटर, अयोध्या, लखनऊ और बहराइच में 50-50 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। यूपी में कानपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 5 से 10 जनवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में शीतलहर चलने की संभावना है। यूपी के 22 जिलों में दिन के तापमान में भारी गिरावट यानी शीत दिवस होने की आशंका जताई है। आज स्कूल भी बंद रहेंगे।
पंजाब: घना कोहरा और शीत दिवस की स्थिति
पंजाब में ठंड ने फिर जोर पकड़ लिया है। रविवार को दिन के तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री नीचे चला गया। अमृतसर में शीत दिवस की स्थिति रही और घने कोहरे के कारण दृश्यता शून्य दर्ज की गई। एसबीएस नगर में दृश्यता 50 मीटर और गुरदासपुर में 200 मीटर रही। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए बेहद घने कोहरे और शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कोहरे के कारण अमृतसर एयरपोर्ट पर कई उड़ानें रद्द रहीं और कुछ विमानों को दूसरे शहरों में डायवर्ट करना पड़ा।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले सात दिनों तक उत्तर भारत और इससे सटे मध्य भारत में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भीषण शीतलहर चल सकती है। इसके अलावा झारखंड में 6 और 7 जनवरी को शीतलहर का खतरा जताया गया है। पूर्वोत्तर राज्यों असम, मेघालय, त्रिपुरा, उप हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी कई स्थानों पर घना कोहरा देखा गया है।
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।