Home Youth Junction Over 12000 Youths To Get Jobs Through Employment Fairs And Placement Drives In Himachal Cm Sukhvinder Singh Sukhu

Job Fair: हिमाचल में रोजगार मेलों और प्लेसमेंट ड्राइव से 12 हजार युवाओं को मिलेगा रोजगार

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Mon, 27 Oct 2025 11:38 AM IST
सार

सरकार ने 36 आईटीआई संस्थानों को 1.20 करोड़ रुपये की लागत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम प्रदान किए हैं। इसके अलावा, 10 आईटीआई की आईटी और कोपा प्रयोगशालाओं को 120 आधुनिक कंप्यूटरों से लैस किया गया है, जिसकी लागत 89 लाख रुपये है। इन पहलों से छात्रों को आधुनिक तकनीक की शिक्षा के साथ-साथ ऑनलाइन प्रशिक्षण और उद्योग संवाद की सुविधा मिल रही है।

नौकरी
नौकरी - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि राज्य सरकार की सक्रिय नीतियों और रोजगार उन्मुख पहलों के चलते हिमाचल प्रदेश में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर लगातार बढ़ रहे हैं।
सरकार के कार्यकाल में अब तक आयोजित रोजगार मेलों, संयुक्त प्लेसमेंट ड्राइव और कैंपस भर्तियों के माध्यम से 12,378 युवाओं को रोजगार मिल चुका है।

सीएम ने कहा कि सरकार पारंपरिक प्रशिक्षण से आगे बढ़कर अब एआई (Artificial Intelligence) आधारित अत्याधुनिक पाठ्यक्रमों और डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से युवाओं को भविष्य की जरूरतों के हिसाब से तैयार कर रही है।

डिजिटल लर्निंग से बदल रही तकनीकी शिक्षा की तस्वीर
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 14,421 से अधिक विद्यार्थियों और 1,203 संकाय सदस्यों ने मैसिव ओपन ऑनलाइन कोर्स (MOOC) और स्टडी वेब ऑफ एक्टिव लर्निंग फॉर यंग एस्पायरिंग माइंड्स (SWAYAM) प्लेटफॉर्म के जरिए डिजिटल लर्निंग प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक शैक्षणिक तरीकों ने राज्य की शिक्षा व्यवस्था में डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन की नई दिशा दी है।

348 तकनीकी संस्थान दे रहे हैं रोजगार उन्मुख शिक्षा
राज्य में वर्तमान में 348 तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITIs) संचालित हो रहे हैं। इनमें सरकारी और निजी इंजीनियरिंग कॉलेज, फार्मेसी कॉलेज, पॉलिटेक्निक संस्थान और आईटीआई शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुलह में सरकारी फार्मेसी कॉलेज और जंडौर में सरकारी पॉलिटेक्निक की स्थापना ने प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा को नया विस्तार दिया है।

एआई, डेटा साइंस और ईवी टेक्नोलॉजी में खोले गए आधुनिक ट्रेड
प्रदेश सरकार ने एआई (Artificial Intelligence), डेटा साइंस, इलेक्ट्रिक व्हीकल टेक्नोलॉजी (EV), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT), मेक्ट्रोनिक्स जैसे उभरते क्षेत्रों में एम.टेक और व्यावसायिक ट्रेड शुरू किए हैं। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कुल 19 नए आधुनिक व्यावसायिक ट्रेड आरंभ किए गए हैं, ताकि हिमाचल के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की नौकरियों के लिए तैयार हो सकें।

आईटीआई में शुरू हुआ ड्रोन तकनीशियन प्रशिक्षण
सीएम सुक्खू ने बताया कि राज्य के 11 सरकारी आईटीआई संस्थानों में अब ड्रोन सेवा तकनीशियन प्रशिक्षण शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकार की भविष्योन्मुखी सोच को प्रदर्शित करती है, क्योंकि आने वाले समय में ड्रोन तकनीक कृषि, उद्योग और आपदा प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में अहम भूमिका निभाने जा रही है।

उद्योग-शिक्षा संबंधों को मजबूत करने के लिए 170 से अधिक एमओयू पर हस्ताक्षर
राज्य सरकार ने उद्योगों के साथ 170 से अधिक समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनका उद्देश्य प्लेसमेंट और इंटर्नशिप के अवसर बढ़ाना है। इन समझौतों के जरिए शिक्षण संस्थानों और उद्योग जगत के बीच सेतु का निर्माण किया जा रहा है, जिससे प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को सीधे रोजगार से जोड़ा जा सके।

आईटीआई में लगाई जा रही अत्याधुनिक सुविधाएं
सरकार ने 36 आईटीआई संस्थानों को 1.20 करोड़ रुपये की लागत से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग सिस्टम प्रदान किए हैं। इसके अलावा, 10 आईटीआई की आईटी और कोपा प्रयोगशालाओं को 120 आधुनिक कंप्यूटरों से लैस किया गया है, जिसकी लागत 89 लाख रुपये है। इन पहलों से छात्रों को आधुनिक तकनीक की शिक्षा के साथ-साथ ऑनलाइन प्रशिक्षण और उद्योग संवाद की सुविधा मिल रही है।