Home Khelkood Sports Plan To Build Mini Stadium And Open Gym In The Village Of Star Bowler Mohammed Shami In Amroha

अमरोहा : भारत के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी के गांव में बनाया जाएगा मिनी स्टेडियम और ओपन जिम

एजेंसी, अमरोहा Published by: Umashankar Mishra Updated Sat, 18 Nov 2023 02:00 AM IST
सार

भारतीय टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी अमरोहा जिले के सहसपुर अलीनगर गांव के रहने वाले हैं। मोहम्मद शमी के गृह जिले में यूपी सरकार मिनी स्टेडियम और ओपन जिम बनाने जा रही है, ताकि स्थानीय युवा खेलों में आगे बढ़ सकें।

अपने गांव में फुरसत के क्षणों के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी।
अपने गांव में फुरसत के क्षणों के दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को विश्व कप में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद खूब सराहा जा रहा है। लेकिन, बहुत कम लोग जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ने वाला भारत का यह धुरंधर गेंदबाज मूलतः उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले का रहने वाला है। 

अमरोहा के सहसपुर अलीनगर गांव में शमी ने क्रिकेट का ककहरा सीखा और अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारतीय टीम को लगातार जीत दिला रहे हैं। हाल में, विश्वकप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ सात विकेट झटककर शमी ने सभी को चौंका दिया।  

गांव के इस से छोरे से दूसरे युवाओं को भी प्रेरणा मिले और वो खेलों में शमी की तरह अपना और देश का नाम रोशन करने के लिए आगे बढ़ सकें, इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली उत्तर प्रदेश सरकार अमरोहा में मिनी स्टेडियम और मिनी जिम बनाने जा रही है।

इस संबंध में शुक्रवार को अमरोहा के जिला मजिस्ट्रेट राजेश त्यागी ने घोषणा की है। डीएम ने कहा, भारत के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी के गांव (सहसपुर अलीनगर) में एक मिनी स्टेडियम और ओपन जिम बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। बताया जा रहा है कि प्रदेश सरकार के निर्देश पर स्थानीय प्रशासन की टीम वहां सर्वे करने पहुंची थी। 

योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद राज्य में खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष ध्यान दिया जा रहा है। एक तरफ जहां मौजूदा खेल सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है, तो वहीं नए स्टेडियम भी बनाए जा रहे हैं। पश्चिमी यूपी में अमरोहा को पिछड़े क्षेत्रों में शुमार किया जाता है। इस इलाके में स्टेडियम बनने से युवाओं को काफी फायदा होगा। 

शमी मौजूदा आईसीसी विश्व कप-2023 में एक असाधारण खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं। उन्होंने अपने शानदार कौशल का प्रदर्शन किया और लीग चरण के पहले भाग के मैचों में चूकने के बावजूद अपनी टीम की फाइनल तक की यात्रा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) पार्टी के नेता जयंत सिंह ने भी शमी के गांव में खेल सुविधा के निर्माण के लिए धन उपलब्ध कराने की बात कही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा, मैं मोहम्मद शमी के गांव (सहपुर अलीनगर) में खेल सुविधा के निर्माण में सहायता के लिए अपनी सांसद निधि प्रदान करने का इच्छुक हूं।

शमी अधिकतर बल्लेबाजों के लिए दुःस्वप्न साबित हुए हैं, लेकिन वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अधिक प्रभावी बनकर उभरे हैं। इस साल विश्वकप में शमी ने बाएं हाथ के बल्लेबाजों को 52 गेंदें फेंकी हैं। उन्होंने उनके खिलाफ सिर्फ 32 रन दिए हैं। 

छह विश्वकप मैचों में, शमी ने 9.13 की औसत और 10.91 की स्ट्राइक रेट से 23 विकेट लिए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 57 रन देकर सात विकेट झटकने का रहा है। वह टूर्नामेंट में अब तक सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।

कीवीज के खिलाफ सेमीफाइनल में, उन्होंने डेवोन कॉनवे, रचिन रवींद्र, केन विलियमसन, टॉम लैथम, डेरिल मिशेल, टिम साउदी और लॉकी फर्ग्यूसन को आउट करते हुए सात विकेट हासिल किए।

रविवार 19 नवंबर को जब भारत अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हाई-वोल्टेज विश्वकप-2023 फाइनल में पांच बार के चैंपियन ऑस्ट्रेलिया से भिड़ेगा, तो शमी पर एक बार फिर लोगों की नजरें टिकी होंगी। 

यह माना जा रहा है कि भारत के क्रिकेट विश्वकप जीतने के बाद प्रदेश सरकार अमरोहा में क्रिकेट स्टेडियम बनाने की औपचारिक घोषणा कर सकती है।