Home Pashudhan Poultry Poultry India Expo 2025 To Begin In Hyderabad From November 26 Over 45000 Delegates From 35 Countries Expected

Poultry: हैदराबाद में 26 नवंबर से ‘पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2025’, 35 देशों के 45 हजार प्रतिनिधि होंगे शामिल

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Thu, 06 Nov 2025 08:50 AM IST
सार

यह आयोजन दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा पोल्ट्री एक्सपो माना जा रहा है, जो पोल्ट्री उद्योग के लिए व्यापार, तकनीक और ज्ञान का बड़ा मंच बनेगा।

पोल्ट्री
पोल्ट्री - फोटो : ai

विस्तार

भारत का सबसे बड़ा पोल्ट्री उद्योग मेला ‘पोल्ट्री इंडिया एक्सपो 2025’ (Poultry India Expo 2025) इस साल 26 से 28 नवंबर तक हैदराबाद में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन इंडियन पोल्ट्री इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (IPEMA) द्वारा किया जा रहा है। तीन दिवसीय यह एक्सपो हिटेक्स एक्ज़िबिशन सेंटर, माधापुर में आयोजित होगा, जिसका उद्घाटन तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी करेंगे। इस दौरान देश-विदेश से करीब 45 हजार प्रतिनिधि और 35 देशों के विशेषज्ञ भाग लेंगे।

पोल्ट्री इंडस्ट्री के हर क्षेत्र के लोग होंगे शामिल
IPEMA के अध्यक्ष उदय सिंह बायस ने बताया कि इस एक्सपो में पोल्ट्री उद्योग से जुड़े सभी प्रमुख वर्ग उपकरण निर्माता, ब्रिडिंग कंपनियां, अंडा उत्पादक, पोल्ट्री पोषण विशेषज्ञ, पशु स्वास्थ्य विशेषज्ञ और वैश्विक उत्पादक शामिल होंगे। यह आयोजन दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा पोल्ट्री एक्सपो माना जा रहा है, जो पोल्ट्री उद्योग के लिए व्यापार, तकनीक और ज्ञान का बड़ा मंच बनेगा।

पोल्ट्री नॉलेज डे में होगा विचार-विमर्श
एक्सपो के पहले दिन ‘पोल्ट्री नॉलेज डे’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ पोल्ट्री सेक्टर की मौजूदा चुनौतियों और समाधान पर चर्चा करेंगे। इसमें विशेष रूप से पशु स्वास्थ्य, उत्पादन लागत, फीड की गुणवत्ता और निर्यात के अवसरों पर फोकस रहेगा।

तकनीक, विज्ञान और अनुसंधान पर फोकस
इस एक्सपो में पोल्ट्री उद्योग से जुड़ी नवीनतम तकनीक, शोध और विज्ञान को प्रदर्शित किया जाएगा। इसमें केज सिस्टम, फीड मिलिंग तकनीक, नई वैक्सीन, उत्पादन दक्षता बढ़ाने के उपाय और पोल्ट्री उद्योग में करियर संभावनाओं पर भी चर्चा की जाएगी। साथ ही, कई वैज्ञानिक फोरम और प्रशिक्षण सत्र भी होंगे, जिनमें युवा शोधकर्ताओं और छात्रों को पोल्ट्री सेक्टर के आधुनिक स्वरूप से अवगत कराया जाएगा।

वैश्विक भागीदारी और व्यापारिक अवसर
IPEMA के अनुसार, इस एक्सपो में भारत के अलावा अमेरिका, जर्मनी, ब्राजील, नीदरलैंड, जापान और दक्षिण अफ्रीका जैसे देशों की अग्रणी कंपनियां भाग लेंगी। इसका उद्देश्य भारत के पोल्ट्री उद्योग को वैश्विक प्रतिस्पर्धा और निर्यात के नए अवसरों से जोड़ना है।