Home Misal Bemisal Amazing Work Farmer Family Amroha Learning Tricks Internet Earning Lakhs Growing Strawberries

मिसाल-बेमिसाल : अमरोहा के किसान परिवार का कमाल, इंटरनेट से गुर सीख स्ट्रॉबेरी उगा कमा रहे लाखों

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Mohammad Aamil Updated Mon, 02 Feb 2026 02:03 PM IST
सार

अमरोहा के मुसल्लेपुर गांव के किसान टेक सिंह के बेटे दयाल सिंह और प्रीतम ने इंटरनेट पर स्ट्रॉबेरी की खेती सीखी। आज वे स्ट्रॉबेरी की खेती से लाखों की कमाई कर रहे हैं। 
 

किसान टेक सिंह
किसान टेक सिंह - फोटो : गांव जंक्शन

विस्तार

डिजिटल दौर में खेती भी अब तकनीक से जुड़ रही है। उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के मुसल्लेपुर गांव के किसान परिवार ने इंटरनेट से जानकारी लेकर स्ट्रॉबेरी की खेती शुरू की और शुरुआती असफलता के बाद मेहनत, सही तकनीक और उन्नत किस्मों के सहारे आज लाखों रुपये की कमाई कर रहे हैं। 

किसान टेक सिंह ने बताया कि 11 साल पहले उनके बेटों ने इंटरनेट पर स्ट्रॉबेरी की खेती सीखी। उन्होंने करीब 2.5 एकड़ में इसकी खेती शुरू की। हिमाचल और पुणे से उन्नत पौधे मंगाए। पहले साल उन्हें नुकसान हुआ और कर्ज बढ़ गया। लेकिन, उन्होंने हार मानने के बजाय फिर हाथ आजमाया और तकनीक का इस्तेमाल किया। उन्होंने मिट्टी की तैयारी में चार बार जुताई की, अच्छे जल निकास वाली मिट्टी का उपयोग किया और ड्रिप सिंचाई से पैदावार व गुणवत्ता दोनों बढ़ाई।

विंटर डॉन किस्म ने किया कमाल 
सही पौध का चयन उनकी सफलता की कुंजी रही, जिसमें ‘विंटर डॉन’ किस्म सबसे बेहतर साबित हुई। पौधों की सुरक्षा के लिए फंगस, माइट और रोगों से बचाव के लिए नियमित दवाइयों का छिड़काव किया जाता है। स्ट्रॉबेरी के साथ शलजम, पालक और धनिया की सहफसली से अतिरिक्त आय भी होती है। छह महीने की फसल में एक एकड़ से लगभग `2.5 लाख का मुनाफा मिलता है।

50 लाख तक पहुंचा टर्नओवर
बाजार में स्ट्रॉबेरी की मांग लगातार बढ़ रही है और इसका मुख्य बाजार आजादपुर मंडी, दिल्ली में है। टेक सिंह का कहना है कि पौधों की गुणवत्ता, मिट्टी की तैयारी और ड्रिप सिंचाई खेती की सफलता की मूल बातें हैं। इंटरनेट से शुरू किया सफर उनका आज साढ़े 9 एकड़ तक पहुंच गया और उनका टर्नओवर 50 लाख रुपये तक है।