Home Dugdhshala Mother Dairy Gst Cut Milk Price Dairy Products Safal Products Scholarships Consumer Benefits 22 Sep

जीएसटी 2.0 का असर: मदर डेयरी ने घटाए दाम, 22 सितंबर से 2 रुपये सस्ता दूध; पनीर-घी सहित कई उत्पादों के दाम गिरे

गांव जंक्शन डेस्क, नई दिल्ली Published by: Umashankar Mishra Updated Tue, 16 Sep 2025 02:43 PM IST
सार

डेयरी कंपनियों का पूरा पोर्टफोलियो अब 22 सितंबर से जीएसटी 2.0 लागू होने के बाद शून्य या 5% के सबसे निचले स्लैब में आ जाएगा। इसका फायदा उपभोक्ताओं को भी मिलने वाला है, क्योंकि डेयरी कंपनियां अब अपने उत्पादों की कीमतें घटाने वाली हैं। देश की प्रमुख दुग्ध उत्पादक कंपनी मदर डेयरी ने इसकी घोषणा कर दी है।

मदर डेयरी ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का फैसला किया है।
मदर डेयरी ने जीएसटी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाने का फैसला किया है। - फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार

दुग्ध, दुग्ध उत्पाद, फ्रोजन वेजिटेबल्स और स्वीट्स और कुकीज जैसे विविध उत्पादों की रेंज पेश करने वाली मदर डेयरी ने जीएसटी कटौती के लाभ को उपभोक्ताओं तक पहुंचाने की घोषणा की है। इस फैसले के तहत वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) में कटौती का पूरा लाभ उपभोक्ताओं को 22 सितंबर, 2025 से दिया जाएगा।

राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी, मदर डेयरी ने बताया है कि इस नई कीमत नीति के साथ, कंपनी का पूरा उत्पाद पोर्टफोलियो अब जीएसटी के शून्य या 5% के सबसे निचले स्लैब में आता है। 

डेयरी उत्पादों में कीमत कटौती
22 सितंबर, 2025 से लागू होने वाली नई कीमतों के अनुसार, अल्ट्रा हाई टेम्परेचर (यूएचटी) दूध (1 लीटर) की कीमत 77 रुपये से घटकर 75 रुपये हो जाएगी। हालांकि, रोज़मर्रा का पाउच दूध (फुल क्रीम दूध, टोन्ड दूध, गाय का दूध आदि) हमेशा से जीएसटी से मुक्त रहा है तो इसमें कोई भी बदलाव नहीं हुआ है। इसकी एमआरपी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। इसके अलावा, अन्य उत्पादों में भी कमी देखी जाएगी:  
  • मिल्कशेक (180 मिली) की कीमत 30 रुपये से घटकर 28 रुपये।  
  • पनीर (200 ग्राम) की कीमत 95 रुपये से घटकर 92 रुपये।  
  • मक्खन (100 ग्राम) की कीमत 62 रुपये से घटकर 58 रुपये।  
  • गाय का घी जार (1 लीटर) की कीमत 750 रुपये से घटकर 720 रुपये।  
  • आइसक्रीम : चोको वैनिला कोन (100 मिली) 30 रुपये से घटकर 25 रुपये और स्ट्रॉबेरी क्रश टब (1 लीटर) 330 रुपये से घटकर 300 रुपये।

सफल उत्पादों पर जीएसटी में कमी
मदर डेयरी के सफल ब्रांड के उत्पादों पर जीएसटी को 12% से घटाकर 5% कर दिया गया है, जो फ्रोजन स्नैक्स, जैम, अचार, नारियल पानी और टमाटर प्यूरी जैसे उत्पादों पर लागू होगा। इसके परिणामस्वरूप, कीमतों में निम्नलिखित कमी देखी जाएगी:  
  • फ्रोजन फ्रेंच फ्राइज (400 ग्राम) की कीमत 100 रुपये से घटकर 95 रुपये।  
  • फ्रोजन आलू टिक्की (400 ग्राम) की कीमत 90 रुपये से घटकर 85 रुपये।  
  • फ्रोजन नगेट्स (300 ग्राम) की कीमत 110 रुपये से घटकर 105 रुपये।  
  • नींबू का अचार (400 ग्राम) की कीमत 130 रुपये से घटकर 120 रुपये।  
  • नारियल पानी (200 मिली) की कीमत 55 रुपये से घटकर 50 रुपये।  
  • मिक्स्ड फ्रूट जैम (500 ग्राम) की कीमत 180 रुपये से घटकर 165 रुपये।

मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक बोले, ग्राहकों को मिलेगा कर कटौती का फायदा
मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंदलिश ने घोषणा साझा करते हुए कहा, "डेयरी और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों पर हालिया जीएसटी कटौती एक प्रगतिशील कदम है, जो खपत को बढ़ावा देगा और सुरक्षित, उच्च गुणवत्ता वाले पैकेज्ड उत्पादों को अपनाने में तेजी लाएगा। एक उपभोक्ता-केंद्रित संगठन के रूप में, हम 22 सितंबर, 2025 से कर लाभ का 100% हिस्सा अपने ग्राहकों को दे रहे हैं, जो इस सुधार की भावना के अनुरूप है।"

उन्होंने आगे कहा, "इस बदलाव के साथ, हमारा पूरा पोर्टफोलियो अब जीएसटी के शून्य या 5% के सबसे निचले स्लैब में आता है। हमें विश्वास है कि यह उपाय पूरी मूल्य श्रृंखला को सकारात्मक रूप से प्रभावित करेगा। किसानों को पैकेज्ड खाद्य उत्पादों की बढ़ती मांग और कृषि उपकरणों पर जीएसटी कटौती से लाभ होगा, जबकि उपभोक्ताओं को सस्ती कीमतों और पैकेज्ड डेयरी तथा प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों तक अधिक पहुंच मिलेगी।"