Home Baat Pate Ki Bihar Increase Your Income Through Beekeeping The Government Is Offering A Huge 50 Subsidy Apply Now

Bihar: मधुमक्खी पालन से बढ़ाएं आय, सरकार दे रही 50% की भारी सब्सिडी, जानें कैसे करें आवेदन...

गांव जंक्शन डेस्क, पटना Published by: Devesh Saraswat Updated Mon, 05 Jan 2026 12:26 PM IST
सार

बिहार के किसान कम लागत में मधुमक्खी पालन शुरू कर सकते हैं। कृषि विभाग ने प्रदेश में शहद उत्पादन और किसानों की आय को बढ़ावा देने के लिए मधुमक्खी पालन एवं मधु उत्पादन योजना का एलान किया है। इस योजना के तहत मधुमक्खी पालन शुरू करने के जरूरी सामानों पर सरकार 50 फीसदी की भारी-भरकम सब्सिडी देगी। जानिए विस्तार से...
 

कम लागत में मधुमक्खी पालन शुरू करने का मौका।
कम लागत में मधुमक्खी पालन शुरू करने का मौका। - फोटो : AI Image

विस्तार

बिहार के किसान कम लागत में मधुमक्खी पालन शुरू कर सकते हैं। कृषि विभाग ने प्रदेश में शहद उत्पादन और किसानों की आय को बढ़ावा देने के लिए मधुमक्खी पालन एवं मधु उत्पादन योजना का एलान किया है।

इस योजना के तहत मधुमक्खी पालन शुरू करने के जरूरी सामानों पर सरकार 50 फीसदी की भारी सब्सिडी देगी। खास बात यह है कि विभाग ने इस योजना सभी जिलों में लागू किया है।

किन-किन चीजों पर और कितनी मिलेगी सब्सिडी?
यह योजना तीन अहम चीजों को कवर करती है। मधुमक्खी कॉलोनी की लागत 4 हजार रुपये प्रति कॉलोनी तय की गई है। इस पर 50 फीसदी सब्सिडी के तहत सरकार 2 हजार रुपये की मदद देगी। वहीं, मधुमक्खी छत्ता की इकाई लागत 2 हजार रुपये प्रति कॉलोनी है। इस पर 50 फीसदी सब्सिडी के तहत किसान को 1 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा। शहद निकालने वाली मशीन और उसे सुरक्षित रखने के लिए कंटेनर के पूरे सेट की लागत 20 हजार है। इस पर भी 50 फीसदी सब्सिडी यानी 10 हजार रुपये सरकार अपनी तरफ से देगी।

 कौन कर सकता है आवेदन और कैसे होगा चयन?
मधुमक्खी पालन में प्रशिक्षण लेने वाले किसान योजना का लाभ उठा सकते हैं। ध्यान रहे कि योजना के लाभार्थियों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा।

आवेदन का तरीका
पात्र किसान आधिकारिक वेबसाइट (https://horticulture.bihar.gov.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स के माध्यम से बिहार कृषि विभाग ने यह जानकरी साझा की है।