Home Baat Pate Ki Apna Paisa Government Insurance Schemes 99 Percent Of People May Not Know About These Schemes Of The Central Government

सरकारी बीमा योजनाएं: 99 फीसदी लोग केंद्र सरकार की इन पांच योजनाओं को नहीं जानते होंगे, काफी लाभ मिलेगा

गांव जंक्शन डेस्क, नोएडा Published by: Himanshu Mishra Updated Mon, 14 Apr 2025 01:43 PM IST
सार

गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों में इलाज पर होने वाला खर्च बड़ा आर्थिक बोझ बन जाता है।  यहां कुछ ऐसी सरकारी योजनाओं के बारे में बता रहे हैं, जो इलाज के आर्थिक बोझ से बचा सकती हैं। 

सरकारी बीमा योजनाएं
सरकारी बीमा योजनाएं - फोटो : गांव जंक्शन

विस्तार

सरकार ने समय-समय पर कई हेल्थ इंश्योरेंस स्कीम्स शुरू की हैं, इनका फायदा उठाकर आप अस्पताल में होने वाले लाखों के खर्च को बचा सकते हैं। खास बात है कि बहुत ही कम खर्च में ये बीमा आपको मिल जाएगा। 

 
प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना: यह एक बेहद सस्ती एक्सीडेंटल इंश्योरेंस स्कीम है। इसके तहत सिर्फ 20 रुपये सालाना प्रीमियम देकर 2 लाख रुपये तक का एक्सीडेंटल कवर लिया जा सकता है। अगर किसी व्यक्ति की दुर्घटना में मौत हो जाती है, तो उसके परिवार को 2 लाख रुपये की बीमा राशि दी जाती है। वहीं, अगर वह व्यक्ति किसी हादसे में आंशिक या पूरी तरह विकलांग हो जाता है, तब भी उसे तय राशि का लाभ मिलता है। इस योजना का लाभ 18 से 70 साल की उम्र के कोई भी भारतीय नागरिक ले सकते हैं। इसके लिए किसी भी बैंक अकाउंट से लिंक कराकर पीएमएसबीवाई का विकल्प चुना जा सकता है। बीमा योजना के तहत प्रीमियम एक बार में खाते से कटेगा। 

 
प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना: अगर आपके पास बैंक या पोस्ट ऑफिस में खाता है और आपकी उम्र 18 से 50 साल के बीच है, तो आप ‘प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना’ का लाभ ले सकते हैं। यह एक साल की जीवन बीमा योजना है, जिसे हर साल रिन्यू किया जा सकता है। इस योजना के तहत किसी भी कारण से मृत्यु होने पर नॉमिनी को दो लाख की बीमा राशि मिलती है। इसका प्रीमियम सिर्फ 436 रुपये सालाना है, जो सीधे आपके बैंक/पोस्ट ऑफिस अकाउंट से कटता है। यह योजना बैंक और पोस्ट ऑफिस के जरिए चलाई जाती है और इसे विभिन्न जीवन बीमा कंपनियों के माध्यम से लागू किया जाता है।
 
आयुष्मान भारत पीएम-जन आरोग्य योजना: आयुष्मान भारत योजना का मकसद यूनिवर्सल हेल्थ कवरेज यानी सभी के लिए इलाज की सुविधा को साकार करना है। इस योजना के दो अहम हिस्से हैं:
1. हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर: यहां नियमित जांच, दवाएं और परामर्श जैसी सुविधाएं मिलती हैं।
2. प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना: इस योजना में जरूरतमंद परिवारों को सालाना पांच लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है।

 
आम आदमी बीमा योजना: अगर आप ग्रामीण क्षेत्र में रहते हैं, भूमिहीन हैं या असंगठित क्षेत्र में काम करते हैं, तो सरकार की आम आदमी बीमा योजना आपके लिए बेहद फायदेमंद हो सकती है। यह एक सामाजिक सुरक्षा योजना है, जिसे श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने शुरू किया है और इसे एलआईसी के जरिये लागू किया जाता है। इस योजना का मकसद कम आय वाले परिवारों को मृत्यु और विकलांगता की स्थिति में आर्थिक सहायता देना है। इस योजना के तहत बच्चों को स्कॉलरशिप भी दी जाती है।

स्वाभाविक मृत्यु पर 30,000 रुपये, दुर्घटना से मृत्यु पर 75,000 रुपये, दो आंख या दो अंग गंवाने पर 75,000 रुपये, एक आंख या एक अंग गंवाने पर 37,500 रुपये मिलती है।  अगर लाभार्थी के बच्चे कक्षा 9वीं से 12वीं में पढ़ते हैं, तो दो बच्चों को 100 रुपये प्रति माह की स्कॉलरशिप मिलती है। यह राशि हर साल दो बार 1 जुलाई और 1 जनवरी को दी जाती है। इसका सालाना प्रीमियम 200 रुपये प्रति सदस्य है। इसमें से 100 रुपये केंद्र सरकार सोशल सिक्योरिटी फंड के तहत देती है।

ग्रामीण भूमिहीन परिवारों के लिए बाकी 100 रुपये राज्य सरकार देती है। अन्य पेशेवर समूहों के लिए बाकी 100 रुपये की व्यवस्था राज्य सरकार, नोडल एजेंसी या सदस्य द्वारा की जाती है। इस योजना का लाभ 18 से 59 साल के बीच का उम्मीदवार ले सकता है। आवेदक घर का मुखिया या कमाई करने वाला सदस्य होना चाहिए। परिवार गरीबी रेखा के नीचे या उसके आसपास होना चाहिए। ग्रामीण व्यक्ति भूमिहीन परिवार का हिस्सा होना चाहिए। 
निरामय स्वास्थ्य बीमा योजना: भारत सरकार 
के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा ‘निरामय स्वास्थ्य बीमा योजना’ शुरू की गई है। इसका उद्देश्य ऑटिज्म, सेरेब्रल पाल्सी, 
मानसिक मंदता और एकाधिक विकलांगता से पीड़ित लोगों को सस्ती और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को सालाना एक लाख तक का 
स्वास्थ्य बीमा कवर मिलता है। ओपीडी इलाज की सुविधाएं भी मिलती हैं। लाभार्थी को दवाएं, पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक टेस्ट आदि की 
सुविधा भी दी जाती है। सर्जरी का खर्च भी इस योजना के तहत कवर होता है। विकलांगता को बढ़ने से रोकने या पहले से मौजूद विकलांगता के इलाज के लिए भी मदद दी जाती है।